• गुरु. जुलाई 4th, 2024

सिर्फ भिलाई, दुर्ग की खबरे

सूर्या विहार कॉलोनी का एंट्री गेट हटाया गया नगर निगम ने की कार्रवाई

ByNewsBhilai

जून 24, 2024
news bhilai logo

भिलाई के जुनवानी क्षेत्र में स्थित शहर की सबसे पॉश कॉलोनी, सूर्या विहार का एंट्री गेट नगर निगम ने हटा दिया है। निगम के अधिकारियों के अनुसार, लगभग 25 साल पहले कॉलोनीवासियों ने 100 फीट चौड़ी एमआर रोड को घेरकर वहां गेट लगा दिया था। शिकायत मिलने के बाद अब यह गेट हटाकर सड़क को आम जनता के लिए खोल दिया गया है।

कॉलोनी निर्माण और विवाद की शुरुआत

सूर्या विहार कॉलोनी का निर्माण BSBK कॉलोनाइजर्स कंपनी ने किया था। इसके बगल में टीआई सूर्या मॉल के निर्माण के कारण शहर के कई प्रतिष्ठित लोगों ने यहां बंग्लो और प्लॉट खरीदे। जब कॉलोनी बनाई गई, तब उसके पीछे कोई बसाहट नहीं थी। इस स्थिति को देखते हुए कॉलोनाइजर्स ने यहां से गुजर रही पीडब्ल्यूडी की एमआर-24 सड़क को घेरकर उसमें गेट लगा दिया था।

सुरक्षा के नाम पर गेट लगाया

हाल ही में बाहरी लोगों के सूर्या विहार कॉलोनी की सड़क से आने-जाने की बढ़ती गतिविधियों के चलते कॉलोनीवासियों ने सुरक्षा का हवाला देते हुए सड़क पर गेट लगाकर गार्ड भी तैनात किया गया। इस पर चौहान हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के साथ भिलाई निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र अरोरा ने निगम आयुक्त और कलेक्टर से शिकायत की थी।

शिकायत और जांच

शिकायत के बाद जोन एक आयुक्त येशा लहरे ने मामले की जांच की। दस्तावेजों की जांच से यह पाया गया कि सूर्या विहार कॉलोनी के निवासियों ने एमआर 72 सड़क पर कब्जा कर उसे बंद कर दिया था। इसके बाद आयुक्त ने गेट हटाने का आदेश दिया। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए गेट को हटा दिया।

विधायक और नेताओं की प्रतिक्रिया

कॉलोनीवासियों ने गेट नहीं हटाने के लिए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन से मदद की गुहार लगाई थी। प्रारंभ में विधायक ने आश्वासन दिया, लेकिन दस्तावेज देखने के बाद उन्होंने कॉलोनीवासियों के साथ बैठक की और बताया कि 100 फीट की एमआर 72 सड़क पर अवैध कब्जा किया गया है। विधायक ने स्पष्ट किया कि यह सड़क आम लोगों के लिए बंद नहीं की जा सकती और सुरक्षा के लिए अन्य विकल्प तलाशने की सलाह दी।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने भी कहा कि उन्होंने जनता की परेशानी को देखते हुए एमआर 72 पर हुए अतिक्रमण की शिकायत की थी। निगम आयुक्त और कलेक्टर ने सड़क पर कब्जे को लेकर कार्रवाई की है, जो सराहनीय है। इस कार्रवाई से उन लोगों में भय पैदा होगा, जो इस प्रकार का अवैध कार्य कर रहे हैं या करने का विचार कर रहे हैं।


Connect With Us

Get the app, follow us on Facebook, or join our Telegram & Whatsapp channel!

error: Content is protected !!